सीवान: रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारी गई प्रसव पीड़ित महिला ने प्लेटफॉर्म पर दिया बच्ची को जन्म

सीवान: रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारी गई प्रसव पीड़ित महिला ने प्लेटफॉर्म पर दिया बच्ची को जन्म

सीवान।बुधवार को सीवान रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली. नई दिल्ली से दरभंगा जा रही बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन में सफर कर रही एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर समय रहते ट्रेन से उतारा गया. कुछ देर बाद महिला ने प्लेटफॉर्म पर एक बच्ची को जन्म दिया. बताया जाता है कि गाड़ी संख्या 12566 नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन के सीवान पहुंचने से पहले रेल मदद के जरिये सूचना मिली कि एम-1 कोच के बर्थ संख्या 72 पर एक महिला यात्री प्रसव पीड़ा में है. सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में आरपीएफ टीम सक्रिय हो गयी.ट्रेन रात 2:55 बजे सीवान स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंची. आरपीएफ टीम ने ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर राजू शर्मा और फार्मासिस्ट मनोज कुमार के साथ महिला की स्थिति की जांच की. फार्मासिस्ट ने बताया कि महिला आगे की यात्रा करने की स्थिति में नहीं है. इसके बाद महिला को उसके पति और तीन बच्चों के साथ ट्रेन से उतार लिया गया.महिला को ट्रेन से उतारने के कुछ ही देर बाद उसकी प्रसव पीड़ा बढ़ गयी. स्टेशन पर मौजूद महिला कर्मचारियों और महिला यात्रियों ने तत्काल सहयोग किया. इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया और उसने एक पुत्री को जन्म दिया.प्रसव के बाद आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों की मदद से महिला और नवजात को एंबुलेंस से सदर अस्पताल सीवान भेजा गया. महिला के पति संतोष पासवान भी उनके साथ अस्पताल गये. अस्पताल में जच्चा और नवजात दोनों का इलाज कराया गया.

Leave a Comment

और पढ़ें