
विभूतिपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक कोचिंग संस्थान के शिक्षक पर छात्रा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। आरोप है कि आरोपित ने दुष्कर्म का वीडियो बनाकर प्रसारित करने की धमकी दी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब लड़की के पिता के मोबाइल और अन्य मोबाइल पर 17 जुलाई को अश्लील फोटो भेजा। इस संबंध में लड़की की मां ने महिला थाना समस्तीपुर में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री करीब दो वर्ष पूर्व आरोपित शिक्षक के कोचिंग संस्थान में 10वीं की पढ़ाई करती थी। शिक्षक छुट्टी के बाद बहला-फुसलाकर शाम को रोक लेता था।
विगत 15 अप्रैल 2026 को शाम में कोचिंग से अन्य छात्रों के जाने के बाद आरोपित ने शादी का झांसा देकर छात्रा से दुष्कर्म किया। आरोपित ने इस घिनौनी करतूत का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और उसके बल पर पीड़िता को मुंह खोलने पर बदनाम करने की धमकी देने लगा।
लोक-लज्जा और डर के कारण छात्रा सहमी हुई थी। कहा है उसके पति पटना में मजदूरी करते हैं। दसवीं पास करने के बाद उसकी पुत्री पटना चली गई। जब पटना से लौटी तो पुनः फोन पर धमकी देकर बुला लिया और नशीला पदार्थ पिलाकर फिर दुष्कर्म किया।



