मुजफ्फरपुर में लड़की को कार में बैठाकर ले गया प्रेमी, सड़क किनारे मिली बेसुध, अस्पताल में मौत

सकरा (मुजफ्फरपुर)। सकरा के बरियारपुर थाना क्षेत्र की एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिजनों ने प्रेमी पर बहला-फुसलाकर कार से ले जाने, दुष्कर्म करने और नशीला पदार्थ खिलाकर सड़क किनारे छोड़ देने का गंभीर आरोप लगाया है।

घटना के बाद पुलिस दोनों थाना क्षेत्रों में मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन का इंतजार किया जा रहा है।

प्रेमी पर गंभीर आरोप
बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को लेकर परिजनों का आरोप है कि उसका प्रेमी कार से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि वारदात के बाद उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया।

सड़क किनारे बेसुध मिली किशोरी
परिजनों के अनुसार, आरोपित किशोरी को सकरा थाना क्षेत्र के एक गांव के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे बेसुध पड़ी युवती को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पहचान के बाद अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने युवती की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उसे गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
इलाज के दौरान मंगलवार को किशोरी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

जांच में जुटी पुलिस
घटना को लेकर बरियारपुर और सकरा थाना पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अब तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं

Leave a Comment

और पढ़ें