गंडक नदी का विकराल रूप और बाढ़ का खतरा: नेपाल के तराई क्षेत्रों और ग्लेशियर वाले इलाकों में भारी बारिश के चलते गंडक नदी का जलस्तर अचानक बहुत अधिक बढ़ गया है। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से 5.43 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने के कारण पश्चिमी चंपारण (बगहा), पूर्वी चंपारण (अरेराज अनुमंडल) और आसपास के तटीय तथा दियारा क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। कई घरों और रास्तों में पानी घुसने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ रही है। जल संसाधन विभाग ने सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।



