शराब कारोबार का विरोध करने पर जिला पार्षद के पति की हत्या, सीतामढ़ी में भीड़ ने आरोपी का घर फूंका

शराब कारोबार का विरोध करने पर जिला पार्षद के पति की हत्या, सीतामढ़ी में भीड़ ने आरोपी का घर फूंका

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक के लिए निकले जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव की है. मृतक की पहचान बैद्यनाथ महतो के रूप में हुई है.

 

सीतामढ़ी में जिला पार्षद के पति की हत्या

इस बीच, जिला परिषद सदस्य के पति की हत्या के बाद नाराज ग्रामीणों ने पुलिस टीम को दौड़ा और पथराव किया. वहीं आरोपी बताए जा रहे गांव के एक शख्स के घर को भी फूंकने की सूचना है. ग्रामीण सूरज कुमार का कहना है कि ”अवैध शराब तस्करी का विरोध करने पर जिला पार्षद के पति की गोली मारकर हत्या की गई है.”

जिला पार्षद पति की हत्या से भड़का गुस्सा

ग्रामीणों का कहना है कि बैद्यनाथ महतो सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उन पर आठ गोलियां चलाईं. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई.

पुलिस टीम पर पथराव में कई अधिकारी घायल

इस बीच, घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस के साथ भी ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर हाथापाई और हमला किए जाने की सूचना है.

शनिवार की हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया. पथराव में ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार और साइबर इंस्पेक्टर अनिल राम घायल हो गए. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. डीएसपी आशीष कुमार और एसपी अमित रंजन मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने का प्रयास करते रहे.

क्षेत्र में तनाव, मामले की जांच शुरू

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस ने मौके का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. आरोपियों की संख्या, हत्या का मकसद और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है. एसपी अमित रंजन ने बताया कि ”सभी बिंदुओं पर जांच कर मामले का खुलासा किया जाएगा.’

28 अगस्त को भी हुई थी फायरिंग

वहीं ग्रामीणों ने बताया कि ”बैद्यनाथ महतो पर इससे पहले 28 अगस्त को भी फायरिंग की गई थी. उस घटना के बाद डुमरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. परिजनों और समर्थकों का आरोप था कि आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और वे खुलेआम घूम रहे थे. वहीं आज सुबह फिर से हुई फायरिंग में अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी.”

क्या बोले पूर्व विधायक?

पूर्व विधायक राजकिशोर कुशवाहा ने कहा कि बैद्यनाथ को लगातार धमकियां मिल रही थी. पुलिस से कार्रवाई की मांग के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो पाई थी. पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि, घटना थाना प्रभारी और अपराधी की मिलीभगत से हुई है. पिछली बार हुई फायरिंग के बाद एसपी ने ग्रामीणों से मुलाकात की थी, जिसके बाद थाना प्रभारी ने जांच के आदेश दिये थे. थाना प्रभारी ने एक अभयुक्त को पकड़ा भी था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया.

“सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डुमरा थाना का घेराव भी किया था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. सरकार से मांग है कि जल्द सभी अपराधियों का एनकाउंटर किया जाए और थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई की जाए.” – राजकिशोर कुशवाहा, पूर्व विधायक

Leave a Comment

और पढ़ें