चंडीगढ़ में ‘राजा दी किंग’ का अनोखा लंगर, फास्ट फूड के साथ बांटे 500-500 के नोट
#Chandigarh#chandigarhnews#chandigarhdiaries

चंडीगढ़। लंगर का नाम सुनते ही जेहन में आमतौर पर खाने की कतार और प्रसाद की तस्वीर उभरती है, लेकिन सेक्टर-8 स्थित सनातन धर्म मंदिर में मंगलवार को नजारा कुछ अलग था। यहां अमृतसर से पहुंचे राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा दी किंग’ ने लंगर में लोगों को भोजन के साथ 500-500 रुपये के नोट भी बांटे।
राकेश का कहना है कि सेवा उनके लिए कोई नई चीज नहीं है। बचपन में परिवार को मंदिरों और गुरुद्वारों में सेवा करते देखा और उसी से दूसरों की मदद करने की सोच बनी। कारोबार में सफलता मिलने के बाद उन्होंने अपनी कमाई का एक हिस्सा जरूरतमंदों के लिए खर्च करना शुरू किया।
उनके मुताबिक, अब तक अमृतसर और चंडीगढ़ में 50 से अधिक लंगर लगाए जा चुके हैं। हालांकि उनका लंगर पारंपरिक नहीं है। उनका प्रयास रहता है कि लोगों को ऐसी चीज दी जाए, जिसकी उन्हें जरूरत हो या जिसे पाने की इच्छा हो।
इसी सोच के तहत अब वह भविष्य में पेट्रोल और आईफोन का लंगर लगाने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि सेवा सिर्फ पेट भरने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि किसी की जरूरत या सपना पूरा करने तक पहुंचनी चाहिए।



