किऊल-जमुई रेल खंड पर मलयपुर थाना क्षेत्र के तीन पुलिया के समीप एक हृदय विदारक दुर्घटना में ट्रेन से गिरकर दो सगे नाबालिग भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो जाने की बात बताई गई है।

घटना पोल संख्या 393/33 और 393/34 के बीच का बताया गया है। मृतक की पहचान डुमरकोला खैरा निवासी गणेश रविदास के 16 वर्षीय पुत्री करिश्मा कुमारी और 9 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई।
गणेश रविदास की पत्नी अपने बच्चे के साथ अपने में मायके राविदास टोला देवाचक में ही रहते थे। गणेश रविदास बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं।
करिश्मा कुमारी उत्क्रमित उच्च विद्यालय देवाचक में नवीं कक्षा की छात्रा है, जबकि विशाल तीसरी कक्षा का छात्र है। मृतक के मां को भाई नहीं रहने पर वह अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में ही रहकर अपनी बूढी मां की देखभाल करती है।
मृतक के स्वजन से मिली जानकारी के अनुसार दोनों भाई-बहन पटना से अपनी मां सीमा देवी के साथ ट्रेन से लौट रहे थे। ट्रेन जैसे ही मलयपुर थाना क्षेत्र के देवाचक गांव के समीप पहुंची, दोनों बोगी के गेट पर खड़े होकर अपने घर की तरफ देखने लगे।

इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने या तेज झटके के कारण दोनों ट्रेन से नीचे गिर गए और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मलयपुर थाना पुलिस और आरपीएफ को दी गई।
मौके पर पहुंची आरपीएफ और पुलिस
घटना के बाद मलयपुर थाना के एसआई स्वाति कुमारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई तथा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई है।



