बिहार में बच्चियों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाल ही में जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी, समस्तीपुर का दिल दहला देने वाला वायरल वीडियो और मधेपुरा में कथित छेड़खानी की खौफनाक घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. ये वारदातें बिहार सरकार के सुशासन के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है. लोग पूछ रहे हैं कि आखिर हमारी बेटियां अपने ही घर और समाज में कब तक खुदको असुरक्षित महसूस करती रहेंगी? क्या कभी वह दिन आएगा जब बैखौफ होकर लड़कियां रात को भी सड़क पर चल सकेंगी? विस्तार से पढ़ें बिहार को शर्मसार करने वाली घटनाएं.
समस्तीपुर कांड, 23 सितंबर : लड़की से बदसलूकी
बिहार में जमुई जिले के बाद समस्तीपुर में भी नाबालिग से बदसलूकी का मामला सामने आया है. जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर में बांध बाइपास रोड पर एक लड़के के साथ जा रही लड़की को कुछ स्थानीय युवकों ने पकड़कर छेड़खानी और बैड टच किया. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
क्या बोले स्थानीय लोग?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, छेड़खानी करने वाले युवक जगतसिंहपुर गांव के हैं. उन्होंने बताया कि, बुधवार (23 सितंबर) को लड़की अपने दोस्त के साथ बाईपास रोड से गुजर रही थी और रास्ते में रूक कर सेल्फी लेने लगी. इसी दौरान कुछ लड़के वहां पहुंच गए और लड़की को घेरकर बदसलूकी करने लगे. किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
लड़की का हाथ मरोड़ा, गालियां दी.. वीडियो वायरल
वीडियो में सुना जा सकता है, बीच सड़क पर कुछ लड़के नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ कर उसे परेशान कर रहे हैं. लड़की हाथ छोडने की गुहार लगाती है, लेकिन लड़के उससे बदसलूकी करते हैं. इस बीच वो (लड़की) भाई को बुलाने की बात कहती है. इसपर वहां मौजूद लड़के कहते हैं कि जिसको बुलाना है बुला लो.
समस्तीपुर छेड़खानी केस.. अब तक क्या कार्रवाई हुई?
समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया, ”वीडियो में तीन-चार लोगों द्वारा एक लड़की के साथ बदसलूकी की बात सामने आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया है. मामले में चार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया. घटना के संबंध में स्थानीय लोगों से भी पूछताछ हो रही है. जांच के बाद जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई की जाएगी.”
जमुई कांड, 19 सितंबर : नाबालिग से छेड़खानी
जमुई में 19 सितंबर को कोचिंग से लौट रहे दो स्कूली छात्रों के साथ मडवा पहाड़ के पास कुछ बदमाशों ने मारपीट और गंभीर दुर्व्यवहार किया था. नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी का वीडियो भी बदमाशों ने बनाया और 20 सितंबर को सोशल मीडिया में इसे अपलोड कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद देशभर में इसको लेकर व्यापक आक्रोश देखने को मिला. 21 सितंबर को पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया.
पीड़िता के पिता को एफआईआर करने को कहा और उसी दिन इस घटना में शामिल तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ा गया. 22 सितंबर को पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में उसके गांव प्रतापपुर पहुंची, जहां वह बहियार में छुपा था. पुलिस ने पहाड़ की घेराबंदी की और हरेराम (वीडियो वायरल करने का आरोपी) को पकड़ा. उसके बाद नंदन यादव ने पुलिस पर हमला किया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, गोली नंदन के पैर में लगी. मामले में कुल पांच लोगों को पकड़ा गया है.
24 सितंबर को मधेपुरा में क्या हुआ?
जमुई और समस्तीपुर की घटना के बीच 24 सितंबर को मधेपुरा से भी एक वीडियो सामने आया है. जानकारी के अनुसार एग्जाम देने के लिए आई छात्रा से मिलने पहुंचे युवक को स्थानीय छात्रों और कुछ ग्रामीणों ने घेर लिया. मौके पर जमकर बहस हुई. धक्का-मुक्की और हाथापाई की घटना भी हुई. इस घटना का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में छेड़खानी की पुष्टि नहीं हुई है.
एसडीपीओ ने कहा, “परीक्षा के बाद छात्रों के बीच सिर्फ बहस की घटना हुई थी. लड़की के साथ छेड़खानी नहीं हुई थी. पुलिस ने नाबालिगों के अभिभावकों को नोटिस दिया है और भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर भी एक्शन लेने की तैयारी है.”
क्या बोले JDU विधायक
जमुई के बाद समस्तीपुर में नाबालिग से बदसलूकी की घटना पर जेडीयू विधायक श्याम रजक ने कहा, ”हमारी सरकार तुरंत कार्रवाई करती है. इस घटना में भी कोई नहीं बचेगा. इसे संज्ञान में लिया गया है, कार्रवाई होगी.”
“वैचारिक सवाल है, इसका जवाब एक सेकेंड या एक मिनट में नहीं दे सकते हैं. यह चिंतन का विषय है. लेकिन जहां तक सरकार का सवाल है हमारे सीएम तुरंत एक्शन लेते हैं.”- श्याम रजक, जेडीयू विधायक
क्या बोले मंत्री दिलीप जायसवाल?
जमुई और समस्तीपुर में बेटियों से बदसलूकी की घटनाओं पर राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि पुलिस कार्रवाई कर रही है, कोई अपराधी नहीं बचेगा. उन्होंने मुख्यमंत्री का हवाला देते हुए कहा कि घटना करते हुए रील बना कर पोस्ट करना ये अपने आप में अलग मंशा को जाहिर करता है.
”सभी घटनाओं की जांच चल रही है, क्या इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है. किसी विवाद के बाद हुई घटना को भी उसी संदर्भ में देखना होगा. कानून अपना काम कर रहा, दोषियों को जल्द सजा मिलेगी.” – दिलीप जायसवाल, राजस्व और भूमि सुधार मंत्री
सरकार का इकबाल खत्म- RJD
समस्तीपुर की घटना पर आरजेडी ने सम्राट सरकार पर निशाना साधा है. आरजेडी नेता एजाज अहमद ने कहा, ”जमुई की घटना के बाद अब समस्तीपुर की घटना से साफ हो गया है कि सरकार का इकबाल खत्म हो गया है. सरकार की अपराध और अपराधियों पर कार्रवाई को लेकर जो गंभीरता दिखनी चाहिए वो नहीं दिखती है.’
बच्चियों से दरिंदगी कब रुकेगी? – पप्पू यादव
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सवाल पूछा है कि मधेपुरा स्कूल का वीडियो देख लीजिए, क्या कहीं भी हमारी बेटियां सुरक्षित हैं? आज बिहार में सबसे बड़ा सवाल है बेटियों और मां-बहनों की सुरक्षा. आज बिहार में युवा सभी नशीले पदार्थों का सेवन कर चुके हैं. क्या बिहार से इन नशीले पदार्थों का खात्मा होगा? हालात अच्छे नहीं है.
”रात में आपने देखा एक वार्ड काउंसलर को उसके घर में गोली मार दी जाती है. मात्र एक किलोमीटर पर सीएम और नेता विपक्ष का घर है. स्टेशन से लड़कियों को उठा लिया जाता है, इसलिए मैं कहूंगा हालात अच्छे नहीं है. सरकार बताएं कि आखिर कब बच्चियों के साथ दरिंदगी रुकेगी, यहां सिर्फ माफिया सुरक्षित है, बाकि कोई सुरक्षित नहीं है.”- पप्पू यादव, निर्दलीय, सांसद



