बिहार में दर्दनाक हादसा, आर्केस्ट्रा में घुसी तेज रफ्तार बस.. 5 की मौत

बिहार में दर्दनाक हादसा, आर्केस्ट्रा में घुसी तेज रफ्तार बस.. 5 की मौत

बेतिया: बिहार के बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. जहां बेतिया- लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

बेतिया में भीषण सड़क हादसा: इस हादसे में आधे दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. सबसे दर्दनाक बात यह रही की मृतकों में देवेंद्र दुबे का भी नाम शामिल है जिनके बच्चे का छठियार का कार्यक्रम चल रहा था. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.

छठियार की खुशियों में मातम: लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर पर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था. इसी मौके पर सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था. जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.

आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में घुसी बस: वहीं गोरखपुर की तरफ से एक यात्री बस बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग होते हुए बेतिया की ओर आ रही थी. सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक भी बेतिया की तरफ से गुजर रहा था. पराउ टोला बनकटवा के पास दोनों वाहन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गए. इसी दौरान बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी.

छठियार पर पिता की मौत: मृतक बहादुर महतो के भाई और प्रत्यक्षदर्शी जयप्रकाश महतो ने बताया कि बस की चपेट में आने से पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. सभी मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई हैं. सबसे दर्दनाक बात यह रही की मृतकों में देवेंद्र दुबे का भी नाम शामिल है, जिनके बच्चे का छठियार का कार्यक्रम चल रहा था.

“शत्रुघ्न दुबे के घर पर छठियार का कार्यक्रम था. जहां आर्केस्ट्रा चल रहा था. इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कार्यक्रम में घुस गई, जिससे मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए.”- जयप्रकाश महतो, प्रत्यक्षदर्शी व मृतक के भाई

घायलों का जीएमसीएच में चल रहा इलाज: हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को बेतिया जीएमसीएच भेजा, जहां सभी का इलाज चल रहा है. घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो, और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल हैं.

क्या कहती है पुलिस?: हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया और लोगों ने बस तथा ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी. स्थिति को देखते हुए नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है.

“हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को काबू किया. पांच लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.”-जयप्रकाश सिंह, एसडीपीओ, नरकटियागंज

गांव में पसरा मातम: इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, यह हादसा सड़क किनारे कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी एक गंभीर सवाल खड़ा करता है. अगर सड़क किनारे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते और यातायात के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी जाती, तो शायद इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था.

 

Leave a Comment

और पढ़ें