बिहार: गंगा नदी में नाव पलटने से 11 लोगों की मौत, हाजीपुर में बड़ा हादसा

बिहार के हाजीपुर में राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में नाव पलट गई. नाव पर करीब 20 लोग सवार थे और सभी भोज खाने जा रहे थे. हादसे में 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई.
बिहार के हाजीपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. नाव पर 15 से अधिक लोग सवार थे. हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ. वैशाली के जिलाधिकारी ने हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं, 5 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है. बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आर्थिक मदद का ऐलान किया है.
जानकारी के मुताबिक, नाव पर सवार लोग भोज खाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान गंगा नदी में नाव पलट गई और उस पर सवार लोग नदी में गिर गए. अचानक हुए इस हादसे से नाव पर सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में स्थानीय पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर रही है. मृतकों की पहचान और उनके परिवारों तक जानकारी पहुंचाने का काम किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा
गया है.



